महाराणा प्रताप बस्ती पर हुआ संघ का शताब्दी वर्ष विजयादशमी एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम
सह जिला संघचालक बोले – विजयादशमी सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक
सिकंदरपुर, बलिया 2 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सिकंदरपुर नगर द्वारा संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव एवं शस्त्र पूजन कार्यक्रम बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ महाराणा प्रताप बस्ती पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना और ध्वज वंदन के साथ हुआ। नगर के सभी स्वयंसेवक बंधु पूर्ण गणवेश में उपस्थित होकर अनुशासन, सजगता और संगठन की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत कर रहे थे।
इस अवसर पर सह जिला संघचालक जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक पर्व नहीं बल्कि आत्ममंथन और आत्मनिर्माण का अवसर है। उन्होंने कहा कि पिछले 100 वर्षों में संघ ने भारतीय समाज को संगठित करने, संस्कृति की रक्षा करने, सेवा कार्यों के माध्यम से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का कार्य किया है। आज संघ का कार्यक्षेत्र शिक्षा, सेवा, पर्यावरण, ग्राम विकास, सामाजिक समरसता और राष्ट्ररक्षा के हर पहलू को छू रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि विजयादशमी का पर्व संघ के लिए विशेष महत्व रखता है क्योंकि यह असत्य पर सत्य की, अधर्म पर धर्म की और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की लंका विजय से प्रेरणा लेकर हम सबको समाज में फैली बुराइयों पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। शस्त्र पूजन इसी संकल्प का प्रतीक है कि हम राष्ट्र और समाज की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें।
कार्यक्रम में कई प्रमुख वक्ताओं ने भी संघ की 100 वर्ष की गौरवशाली यात्रा को रेखांकित किया और कहा कि यह शताब्दी केवल संगठन की मजबूती का नहीं, बल्कि राष्ट्र को एक नई दिशा देने का अवसर है। वक्ताओं ने युवा स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे भारत को विकसित राष्ट्र और विश्व गुरु बनाने के संकल्प को लेकर आगे बढ़ें।
विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में शस्त्र पूजन का कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। स्वयंसेवकों ने अपने-अपने शस्त्रों के साथ श्रद्धा और आस्था व्यक्त करते हुए राष्ट्ररक्षा का संकल्प लिया। वातावरण “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।
समापन में संघ प्रार्थना के बाद सभी स्वयंसेवकों ने परस्पर शुभकामनाएं दीं और शताब्दी वर्ष को सफल बनाने के लिए समाजहित के कार्यों में सक्रिय रहने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सह जिला संघचालक लालबचन जी, जिला सेवा प्रमुख नायब जी, जिला शारीरिक शिक्षण प्रमुख विवेकानंद, नगर संघचालक दिनेश जी, शाखा कार्यवाह गुलाब जी, नगर कार्यवाह अविनाश मिश्रा, मुख्य शिक्षक संजय सोनी, नगर पालक मानिकचंद्र, नगर शारीरिक शिक्षण प्रमुख अंकेश विश्वकर्मा, गणशिक्षक अभिषेक सोनी, व्यवस्था प्रमुख कैलाश जी, कुटुंब प्रबोधन प्रमुख अवधेश सिंह, विनय जायसवाल, राकेश बरनवाल, दिलीप जायसवाल, रणजीत रावत, डॉ उमेश चन्द्र, रिंकी जायसवाल, संतोष सोनी, मोहनीश जायसवाल,सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
❤️ Support Independent Journalism
बड़े मीडिया संस्थान अपने ख़र्चों के लिए विज्ञापनों और बड़े बजट पर निर्भर रहते हैं। लेकिन Ballia Post एक ग्राउंड-लेवल प्लेटफ़ॉर्म है — जहाँ हम स्थानीय खबरें बिना किसी पक्षपात के पहुँचाने में विश्वास रखते हैं। आपका छोटा सहयोग हमें स्वतंत्र और निष्पक्ष बने रहने की ताकत देता है।
UPI ID: 9839715373@okbizaxis
आपका प्रत्येक सहयोग हमें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
